रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा में स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन करीब एक वर्ष पूर्व जर्जर बताकर तोड़ दिया गया था। लेकिन अब तक नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया है। जिसके चलते बच्चों को पढ़ने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर भवन निर्माण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी राधेश्याम, रमेशचंद्र, राजेंद्र कुमार, रामऔतार, सीताराम, विनोद कुमार, सुखचरन आदि ने एसडीएम रिंकू सिंह राही को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके गांव में प्राथमिकी विद्यालय का भवन जर्जर हो गया था। करीब एक वर्ष पूर्व यह भवन जर्जर बताकर तोड़ दिया गया था। तबसे नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया है। भीषण गर्मी में बच्चों को बैठने में असुविधा होती है। उनको एक ही कक्षा में बैठाया जाता है। गर्मी के मौसम में न तो उनके लिए कूलर आदि की सुविधा है और न ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था है। विद्यालय के अंदर एक हैंडपंप है वह भी खराब रहता है। पेयजल के लिए बच्चों को परेशान होना पड़ता है। ग्रामीणों ने एसडीएम ने विद्यालय के नए भवन के निर्माण और उसमें बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।






