रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फुन्दी सिंह लौना राजकीय डिग्री कॉलेज परिसर तथा बाराहीं देवी मेला ग्राउंड में नव निर्मित एथलेटिक्स ट्रैक का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने किया। छात्राओं के लिए डिग्री कॉलेज परिसर में तथा छात्रों के लिए बाराहीं देवी मेला ग्राउंड में अलग-अलग ट्रैक तैयार कराए गए हैं।
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने कुछ समय पूर्व उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही के समक्ष खेल मैदान और रनिंग ट्रैक की आवश्यकता का मुद्दा उठाया था। युवाओं का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नगर में उपयुक्त ट्रैक का अभाव है। युवाओं की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा दोनों स्थानों पर ट्रैक का निर्माण कराया गया। लोकार्पण समारोह के दौरान पुनीत मित्तल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की पहचान वहां के युवाओं की उपलब्धियों से होती है। यदि खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं और बेहतर वातावरण मिले तो वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि युवाओं को उनके घर के नजदीक ही बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध हों, जिससे उन्हें अभ्यास के लिए भटकना न पड़े। आने वाले समय में भी खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुसार अन्य सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।







