
Orai / jalaun news today। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर सेवा और संवेदनाओं का संदेश देने का अनूठा उदाहरण मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ प्रशांत निरंजन ने पेश किया। अपने 42वें जन्मदिन पर उन्होंने स्वयं रक्तदान किया, अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर उन्हें फल वितरित किए और परिसर में पौधरोपण कर समाज को मानवता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 21 रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इनमें डॉ प्रशांत निरंजन, डॉ चरक सांगवान, डॉ जीतम सिंह राजपूत, डॉ संतोष लोधी,अरविंद्र मिश्रा, रवि कुमार,रोहित कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। मरीजों ने भी इस आत्मीय पहल की सराहना करते हुए डॉ प्रशांत निरंजन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में आंवला, आम, जामुन और बेल सहित 11 छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ महेंद्र सिंह ने सभी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद को रक्त देना और प्रकृति को वृक्ष देना, दोनों ही सबसे बड़ा उपहार हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
रक्तदान, मरीजों के चेहरों पर मुस्कान और हरियाली का संकल्प—इन तीनों के साथ मनाया गया यह जन्मदिन उपस्थित लोगों के लिए लंबे समय तक यादगार बन गया।







