जालौन में 9 लाख लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास,,,

प्रधानमंत्री के वैश्विक योग संदेश और मुख्यमंत्री के स्वस्थ उत्तर प्रदेश संकल्प को जालौन ने जनभागीदारी से दिया नया आयाम

ब्यूरो रिपोर्ट

Orai / Jalaun news today । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद योगमय वातावरण में डूबा नजर आया। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” को आत्मसात करते हुए पुलिस लाइन उरई में आयोजित मुख्य जनपदीय कार्यक्रम से लेकर ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामाजिक संस्थाओं तक सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया।


मुख्य अतिथि गोसेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के सचिव कृषि एवं जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग भारत की सीमाओं से निकलकर पूरी दुनिया की जीवनशैली का हिस्सा बना है। योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को निरोग, मन को शांत और विचारों को सकारात्मक बनाता है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग, स्वास्थ्य और अनुशासन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
विशिष्ट अतिथि इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों के इस दौर में योग स्वस्थ, संतुलित और दीर्घायु जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाकर भारत की गौरवशाली परंपरा को विश्व के सामने स्थापित किया है। योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है।


जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज जालौन जनपद ने योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुलिस लाइन उरई के मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और सामाजिक संस्थाओं में लगभग 9 लाख लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जालौन, स्वस्थ उत्तर प्रदेश और स्वस्थ भारत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के “योग से निरोग” के वैश्विक संदेश और मुख्यमंत्री जी के स्वस्थ एवं सशक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प में जनपद की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है। योग अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन प्रदान करता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन योग को जीवन का हिस्सा बनाए, तो स्वस्थ समाज का लक्ष्य सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है।


पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन और मानसिक दृढ़ता का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता, एकाग्रता और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। पूरे जनपद में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला समूहों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का यह भव्य आयोजन जनपद में जनसहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।