रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के विकास खंड सभागार में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के संबंध में जानकारी देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों को योजना के लाभ एवं सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में बीज गोदाम प्रभारी रवि कुमार सैन ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त की धनराशि भेज दी गई है। उन्होंने किसानों से अपने बैंक खातों की जांच करने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग मिल रहा है। किसानों को समय-समय पर अपनी ई-केवाईसी, भूलेख सत्यापन और बैंक खाते की जानकारी अपडेट कराते रहना चाहिए, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे। उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग तथा कृषि विभाग की अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही किसानों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।







