रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । मुहर्रम के त्योहार में मंगलवार की रात में अलम निकाले गए इसके बाद बुधवार को दिन में छड़ें उठाई गई। स्थानीय प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था से सभी कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए। इस दौरान जगह, जगह लंगर और फातिहा का दौर चला।
मुहर्रम के त्योहार में ताजिए से दो दिन पहले रात में अलम व उसके अगले दिन छड़ों को निकाला जाता है। नगर में छह स्थानों पर अलम रखे गए और 23 स्थानों पर छड़ें रखी गई थी। रात में अलम और दिन में छड़ों का जुलूस निकाला जाता है। बुधवार की रात रापटगंज में जायदा बेगम के यहां से अलम उठाया गया। इसके बाद अयूब सलमानी, उस्मान राईन, हफीज मुकेरी, मकसूद व अफसार के यहां रखे अलम उनके साथ पूर्व निर्धारित मार्ग पर निकाले गए। अकीदतमंदों ने अलम के पास पहुंचकर फातिहा पढ़ी। इसके बाद बुधवार की दोपहर कल्लू व मल्लू पठान के अलावा हफीज खां, महबूब, कासिद, चंदा, इस्मईल, जहीर, जहूर, जाकिर, शहाबुद्दीन, कलामत, छोटे खां, रमजानी, कयूम खां, नूरमोहम्मद के यहां रखी गई छड़ों पर महिलाओं और अकीदतमंदों ने दुपट्टा बांधकर अपनी मुराद पूरी होने की कामना की। इस दौरान अकीदतमंद इमाम हसन व इमाम हुसैन के नारों लगा रहे थे। छड़ों को उठाने वाले युवाओं ने आकर्षक प्रदर्शन भी किया। जगह जगह अखाड़ों का आयोजन किया गया। अलम व छड़ों के जुलूस में अकीदतमंदों द्वारा जगह जगह लंगर का भी आयोजन किया गया। घरों पर फातिहा का दौर चला और इमाम हसन व इमाम हुसैन को याद किया गया। अलम और छड़ों में कहीं कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए स्थानीय पुलिस फोर्स के अलावा बाहर की भी पुलिस फोर्स तैनात रही। इस मौके पर छड़ कमेटी के अध्यक्ष जाकिर सिद्दीकी, रिंकू, राज मंसूरी, परवेज, अफरोज शाह आदि मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम रिंकू सिंह राही, सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल हरिशंकर चंद, चौकी प्रभारी मनीष कुमार पुलिस फोर्स के साथ नगर में भ्रमण कर पल-पल की खबर लेते रहे।







