बदहाल सड़क और जल निकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने लगाई एसडीएम से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन विकास खंड के ग्राम खनुआ में बदहाल सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीण ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
गांव निवासी राशिद मंसूरी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव का मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं। गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के विकास कार्यों के लिए शासन से धनराशि मिलने के बावजूद उसका समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। विकास कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है, जिसके कारण ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने मांग की है कि अधिकारियों की टीम भेजकर विकास कार्यों की जांच कराई जाए और गांव की जर्जर सड़क का निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए।

तेज धूप में गर्मी और नमी में पसीने से तरबतर रहे लोग

जालौन। शनिवार देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के बाद दिन में निकली तेज धूप ने उमस और बढ़ा दी। पूरे दिन गर्मी और नमी के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे।
रविवार सुबह से ही आसमान में बादल और धूप का सिलसिला चलता रहा। बीच-बीच में धूप तेज होने से वातावरण में नमी बढ़ गई, जिससे उमस का असर और अधिक महसूस हुआ। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर निकलने वाले लोग बार-बार पसीना पोंछते नजर आए। दोपहर के समय गर्मी और उमस के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल रही। उमस भरे मौसम का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर देखने को मिला। घरों के अंदर भी लोग गर्मी से परेशान रहे। पंखे और कूलर भी पर्याप्त राहत नहीं दे सके। वहीं शनिवार रात बिजली की आवाजाही ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। लोगों को रात में परेशानी का सामना करना पड़ा और ठीक से नींद भी नहीं आ सकी। अब लोगों को उम्मीद है जल्द ही बारिश हो और उन्हें इस गर्मी से राहत मिले। डॉ. आलोक गुर्जर ने बताया कि ऐसे मौसम में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें एवं बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। विज्ञापन,खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105