रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । उरई-जालौन मार्ग पर भिटारा के पास तेज रफ्तार कार का अगला टायर अचानक फट जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और कई पलटियां खाते हुए सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी इमरान खां (28) अपनी मारुति स्विफ्ट कार से उरई से जालौन लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार भिटारा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी कार का अगला टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से टकराकर करीब चार से पांच पलटियां खाती हुई सड़़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने परीक्षण के बाद इमरान खां को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मनीष तिवारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







