रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन नगर के गोपाल बस्ती स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से वन विहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने खेल, गीत, बौद्धिक सत्र एवं आत्मीय संवाद के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग सेवा प्रमुख पूरनलाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ के ऐसे कार्यक्रम व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वयंसेवक को राष्ट्रहित को सर्वाेपरि मानते हुए समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्य शिक्षक पुनीत ने विभिन्न गतिविधियों का संचालन कराया और स्वयंसेवकों को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के महत्व से अवगत कराया। बस्ती प्रमुख विनय निगम ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। वन विहार कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, समूह गीत तथा बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों में संगठन, अनुशासन, पारस्परिक सहयोग और राष्ट्रकार्य के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर सह जिला कार्यवाह शिवराम, नगर संचालक अशोक कौशल, सीतराम, शशांक रेजा, आनंद कुमार आदि रहे।






