रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन की नवीन गल्ला मंडी में धान की खरीद को लेकर बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब व्यापारियों ने किसानों का धान खरीदने से मना कर दिया। इससे नाराज किसान आक्रोशित हो गए और मंडी के सामने जाम लगाने की बात कहने लगे।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी राकेश सोनी मंडी पहुंचे। इसके बाद मंडी सभागार में मंडी सचिव, व्यापारियों और किसानों के बीच वार्ता हुई। अधिकारियों के हस्तक्षेप और उचित आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और कामकाज सुचारु रूप से शुरू करने पर सहमति बनी।
शुक्रवार को नवीन गल्ला मंडी बंद रहेगी। व्यापारियों की ओर से पहले खरीदे गए धान की लोडिंग कर उसे बाहर भेजने के लिए मंडी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में किसान गुरुवार को धान की खरीद-बिक्री के लिए मंडी पहुंचने से पहले इस बंदी की सूचना का ध्यान रखें ।






