रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में विपक्षी द्वारा निजी भूमि पर जबरन कब्जा कर कब्रिस्तान बनाने का प्रयास करने से मना करने पर विपक्षी ने पीड़ित व उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी शहीद शाह ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी गाटा संख्या 443 ग, 445 ख, 446 ख, 447 क और 449 स्थित भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके पिता रोशन शाह व दादा जुम्मन शाह के नाम दर्ज है। इस भूमि पर प्रार्थी का वैध स्वामित्व और कब्जा है। आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोग मंगलवार की शाम वहां आ गए और उपरोक्त भूमि पर पर जबरन कब्रिस्तान का निर्माण शुरू कर दिया। जब प्रार्थी और उसके भाई ने इसका विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित ने एसडीएम से मांग की है कि मामले की जांच कराकर उनकी निजी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और दबंगई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।





