जालौन के इस बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ टीकाकरण शिविर,किशोरियों को किया जागरूक

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से गुरुवार को आनंदीबाई वाई. हर्षे बालिका इंटर कॉलेज में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 28 छात्राओं का टीकाकरण कर उन्हें इस गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सुरक्षा कवच प्रदान किया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में एएनएम रेनू, अर्चना, श्याम कुमारी तथा आशा कार्यकर्ता नीतू और सुनीता आदि ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, उसके कारण होने वाले सर्वाइकल कैंसर और टीकाकरण के महत्व के बारे में देकर बताया कि 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी का टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।

टीकाकरण से पहले सभी छात्राओं की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें एचपीवी का टीका लगाया गया। टीकाकरण के उपरांत प्रत्येक छात्रा को लगभग 30 मिनट तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया, ताकि किसी प्रकार की प्रतिकूल प्रतिक्रिया होने पर तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं का स्वास्थ्य और सुरक्षा विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।