रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा के एक छात्र ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया। कि मौजूद अधिकारी, शिक्षक और आमजन उसकी सराहना किए बिना नहीं रह सके। कक्षा पांच के छात्र अनुरुद्ध प्रजापति ने धाराप्रवाह अंग्रेजी में अपना परिचय देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद उसने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीनू पाल द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित भारत के मानचित्र के माध्यम से उपस्थित लोगों को पूरे देश का रोचक और ज्ञानवर्धक परिचय कराया।
कार्यक्रम के दौरान अनुरुद्ध ने आत्मविश्वास के साथ सबसे पहले अंग्रेजी में अपना इंट्रोडक्शन दिया। इसके बाद उसने भारत के मानचित्र पर एक-एक राज्य को इंगित करते हुए उनकी राजधानियों, स्थानीय भाषाओं और वहां प्रचलित अभिवादन शब्दों की जानकारी दी। छात्र ने उत्तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम, केरल, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों के बारे में सहज और प्रभावशाली ढंग से जानकारी प्रस्तुत की। उसकी प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों को प्रभावित कर दिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीनू पाल द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित भारत के मानचित्र ने भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

इस मानचित्र के माध्यम से छात्र ने भारत की सांस्कृतिक विविधता, भाषाई समृद्धि और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया। उपस्थित लोगों ने छात्र के आत्मविश्वास, उच्चारण और सामान्य ज्ञान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे किसी भी मंच पर अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। अनुरुद्ध की प्रस्तुति इसी का उदाहरण है। प्रधानाध्यापिका रीनू पाल ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहारिक ज्ञान, भाषा कौशल और सामान्य ज्ञान पर भी विशेष रूप से कार्य कराया जाता है। इसी प्रयास का परिणाम है कि अनुरुद्ध ने इतने बड़े मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति देकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी, आशीष आनंद, अनंतराम आदि रहे।





