तेज रफ्तार कार ने मारी स्कूटी सवार को टक्कर, घायल

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के चालक ने बेकाबू होकर स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। राहगीरों ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
कोताली क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी दिव्यांशु गौर सोमवार की दोपहर अपनी स्कूटी लेकर गांव से धंतौली रोड के पास स्थित खेत की ओर जा रहा था। गांव से कुछ ही दूर आगे निकलने पर सामने से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। दिव्यांशु ने बताया कि तेज रफ्तार कार को देखकर उसने स्कूटी सड़क के किनारे कर ली। इसके बाद भी तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में वह स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। वहीं, कार चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। मौके से निकल रहे राहगीरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

जालौन क्षेत्र में आमने सामने से भिड़ी दो बाइक,5 लोग घायल

जालौन। बंगरा मार्ग पर सोमवार को सालाबाद मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सोमवार को बंगरा की ओर से एक बाइक जालौन की ओर आ रही थी। इस बाइक पर आटा थाना क्षेत्र के ग्राम दशहरी निवासी धीरेंद्र सिंह (28) और आशीष कुमार (25) सवार थे। वहीं दूसरी बाइक जालौन से बंगरा की ओर जा रही थी। जिस पर मध्यप्रदेश के जिला भिंड के लहार थाना क्षेत्र के ग्राम करीला निवासी शिव सिंह (38), उनकी बेटी आकांक्षा (16) और मलखान (72) सवार थे। तेज रफ्तार के चलते दोनों बाइकें सालाबाद मोड़ पर आमने-सामने टकरा गईं। बाइकों की आमने-सामने भिडंत में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। इस दौरान भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दौरान एसआई सुरेश यादव, अंशुल शर्मा, राहुल ठाकुर, सौरभ शाक्य, जितेंद्र और अनिल यादव ने भी सहयोग किया।