रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन में बिना मंडी शुल्क अदा किए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से टमाटर लेकर गुजर रहे एक ट्रक को मंडी परिषद की सचल दल टीम ने पकड़ लिया। जांच के दौरान आवश्यक मंडी शुल्क संबंधी अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर टीम ने ट्रक पर 47,520 रुपये का जुर्माना लगाया।
मंडी सचिव अंकित गुप्ता के नेतृत्व में गठित सचल दल बुधवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चेकिंग अभियान चला रहा था। अभियान के दौरान मंडी सहायक योगेश कुमार व अन्य टीम सदस्य उपज का परिवहन करने वाले वाहनों के मंडी शुल्क संबंधी अभिलेखों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बांदा की ओर से आगरा की तरफ जा रहे एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रक टमाटर से लदा मिला। टीम ने चालक से मंडी शुल्क जमा किए जाने से संबंधित दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात मांगे, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडी परिषद के नियमों के तहत ट्रक पर 47,520 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। मंडी सचिव अंकित गुप्ता ने बताया कि संबंधित ट्रक कर्नाटक से टमाटर लादकर आगरा जा रहा था। मंडी शुल्क संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई।





