रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन नगर में लगभग तीन माह पूर्व नगर के बाजार बैठगंज में लगभग 150 साल पुरानी इमारत में संचालित व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक लगाते हुए पुलिस व प्रशासन की टीम ने ताला जड़कर सील लगा दी थी। इस इमारत के ध्वस्तीकरण को लेकर शुक्रवार को प्रभारी तहसीलदार ने स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर के बाजार बैठगंज में माराठा काल में झंडा चौराहे के चारों ओर विशाल फाटक बनवाए गए थे। लगभग डेढ़ शताब्दी पूर्व बनवाए गए इस फाटक के रास्ते के दोनों ओर आठ दुकानें बनी हुई थीं। जिन में व्यवसायिक गतिविधियों का संचालन हो रहा था। वर्ष 2019 में इस इमारत को जीर्ण शीर्ण घोषित किया जा चुका है। मा. सुप्रीम कोर्ट द्वारा तत्कालीन एसडीएम को यहां व्यवसायिक गतिविधियां बंद कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी निर्देश पर बीती सात अप्रैल को तत्कालीन एसडीएम हेमंत पटेल के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन की टीम ने जहां पालिका कर्मचारियों की मदद से फाटक पर स्थित आठ दुकानों को बंद कराकर उन्हें सील कर दिया था। अब इस इमारत के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जानी है। इसको लेकर प्रभारी तहसीलदार तारा शुक्ला ने इमारत का स्थलीय निरीक्षण किया है। निरीक्षण के बाद प्रभारी तहसीलदार ने बताया जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिसे उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा।





