जालौन में हुई झमाझम बारिश,, कई स्थानों पर हुआ जलभराव,, लोगों को हुई परेशानी

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में सोमवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार को झमाझम बारिश में तब्दील हो गई। लगभग एक घंटे की झमाझम बारिश में नगर के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। लौना रोड, रापटगंज, नया खंडेराव और चुर्खी रोड पर कई गलियां तालाब में तब्दील हो गईं। कई स्थानों पर करीब दो फीट तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया। दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहने से जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नगर में सोमवार देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ था। मंगलवार को दिन भर रिमझिम बारिश होती रही। बुधवार की सुबह से भी आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर करीब 12 बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश के कारण नालियों का पानी उफनाकर सड़कों पर बहने लगा। लौना रोड, रापटगंज, नया खंडेराव और चुर्खी रोड पर पानी सड़कों से ऊपर बहता नजर आया। कई दोपहिया वाहन चालक पानी में गड्ढों का अंदाजा न लगा पाने के कारण फिसलते-फिसलते बचे, जबकि पैदल राहगीरों को घुटनों तक पानी में होकर निकलना पड़ा। कई घरों के बाहर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को जरूरी कामों के लिए भी निकलने में दिक्कत हुई। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही और कई दुकानदार देर से दुकानें खोल पाए। बारिश के बीच कई स्थानों पर बच्चे पानी में खेलते नजर आए, वहीं अधिकांश लोग घरों में रहकर मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।