जालौन के इस ग्राम पंचायत में सफेद हाथी साबित हो रही हर घर जल योजना,,4 साल से बनी टँकी,नलों में नही टपकी बून्द

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों के घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, लेकिन विकासखंड जालौन की ग्राम पंचायत खनुवां में यह योजना ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पानी की टंकी खड़ी है, घरों में नल कनेक्शन भी कर दिए गए हैं, लेकिन बीते करीब चार वर्षों से नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। ऐसे में इस योजना की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नमामि गंगे एवं हर घर जल योजना के तहत गांव में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया और घर-घर नल कनेक्शन भी लगाए गए। उस समय ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें पानी के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ेगा, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी नलों से पानी नहीं आया। ग्रामीण रामकुमार, बृजेश, राजेश आदि ने बताया कि गांव में टंकी बनकर तैयार है, पाइप लाइन बिछी है और नल घरों की शोभा बढ़ा रहे हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। ग्रामीणों की परेशानी केवल पेयजल तक सीमित नहीं है। पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क की समुचित मरम्मत न होने से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से रास्ते दलदल में तब्दील हो गए हैं। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई बरसात में यह समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब घरों में नल कनेक्शन कर दिए गए और पानी की टंकी भी तैयार है, तो आखिर चार वर्षों से जलापूर्ति शुरू न होने का क्या कारण है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए और गांव में तत्काल नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाए।