रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । बरसात के मौसम में सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को यात्री कर अधिकारी आनंद राय ने अपनी टीम के साथ कोतवाली के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक परिवहन वाहनों की फिटनेस, आवश्यक अभिलेखों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना संचालित हो रही एक बस और पांच अन्य वाहनों का चालन कर उन्हें कोतवाली में खड़ा कराया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान अधिकारियों ने बस, ऑटो रिक्शा और अन्य व्यावसायिक वाहनों को रोककर उनकी फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जिन वाहनों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए, उन्हें आवश्यक हिदायत देकर रवाना कर दिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन कर चल रही एक बस और पांच अन्य व्यवसायिक वाहनों का चलान कर उन्हें कोतवाली में खड़ा कराया गया। यात्री कर अधिकारी आनंद राय ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी अधिक रहती है। यदि वाहन तकनीकी रूप से पूरी तरह फिट नहीं हैं तो हादसे की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस की जांच की जा रही है। ताकि यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे समय-समय पर अपने वाहनों की फिटनेस कराएं और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।





