जालौन के इस गांव में ग्रामीणों ने की व्यायामशाला बनवाने की मांग

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के कुठौंदा बुजुर्ग गांव में ग्रामीण युवाओं के स्वास्थ्य और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए स्वीकृत की गई व्यायामशाला छह साल बीत जाने के बाद भी सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। ग्रामीण ने इसकी शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर की है।
कुठौंदा बुजुर्ग निवासी ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 में जनसुनवाई पोर्टल पर गांव में व्यायामशाला निर्माण कार्य शुरू कराने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके जवाब में 17 जनवरी 2020 को तत्कालीन बीडीओ द्वारा द्वारा लिखित आख्या भेजी गई थी। जिसमें कहा गया था कि व्यायामशाला निर्माण का कार्य वर्ष 2019-20 की कार्ययोजना में शामिल है और लेखपाल द्वारा जमीन की पैमाइश (सीमांकन) होते ही कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा। इसके बाद छह साल बीत चुके हैं। वह लगातार शिकायतें कर रहे हैं लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। आज तक जमीन पर ईंट की एक जोड़ी भी नहीं रखी गई है। आरोप लगाया कि इस बीच दो बार में लगभग दो लाख 25 हजार रुपये की कार्ययोजना भी तैयार की गई। इसके बाद भी व्यायामशाला का निर्माण नहीं हुआ है। एक तरफ प्रदेश सरकार युवाओं के विकास और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। उन्होंने गांव में जल्द जल्द व्यायामशाला का निर्माण कराए जाने की मांग की है।