रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर ने पूरे जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। केंद्र के अंतर्गत जालौन ब्लॉक में अब तक 1018 बच्चियों को एचपीवी के टीके लगाए जा चुके हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद राजपूत ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए गए इस अभियान में टीम और अभिभावकों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।एचपीवी संक्रमण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर हो सकता है और यह टीका इस बीमारी से 90 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करता है। डॉ. राजपूत ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर पर 1018 बच्चियों का टीकाकरण कराया गया है। यह संख्या जिले में सबसे ज्यादा है, जिससे उन्हें जिले में पहला स्थान मिला है। जिले में प्रथम स्थान मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए उन सभी अभिभावकों को भी धन्यवाद दिया है, जिन्होंने अपनी बच्चियों को टीका लगवाकर उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल की। बताया कि अभियान के तहत ‘आज का टीका, कल का सुरक्षित जीवन’ और ‘स्वस्थ बेटी-सुरक्षित भविष्य’ के संदेश के साथ स्कूलों और गांवों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि नौ से 14 वर्ष की आयु की सभी बच्चियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। इस अभियान में निशा भारती, निधि राठौर, रामजानकी, मीरा देवी, जितेंद्र, बब्बू आदि ने भी सराहनीय कार्य किया।





