जालौन क्षेत्र में करेंट लगने से युवक की मौत,, घर में मचा कोहराम,,

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के शहजादपुरा में रविवार सुबह बिजली का करंट लगने से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहजादपुरा निवासी हरपाल सिंह पाल (42) शनिवार रात घर में सो रहे थे। रविवार सुबह करीब छह बजे बिजली आने पर वह कूलर चलाने के लिए उसके तार बिजली के बोर्ड से लगाने लगे। इसी दौरान केबल में कट होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही हरपाल जमीन पर गिरकर अचेत हो गए। परिजनों ने जब उनके गिरने की आवाज सुनी तो तत्काल उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हरपाल की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी मुन्नी देवी रो-रोकर बेहाल हो गई। वहीं 15 वर्षीय बेटी शिवानी और 13 वर्षीय बेटा शिवा भी पिता की मौत से सदमे में हैं। परिजनों के मुताबिक हरपाल परिवार की आजीविका चलाने के लिए गुजरात के सूरत में पानीपुरी बनाने का काम करते थे। तीन दिन पहले ही वह सूरत से घर लौटे थे। परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद उन्हें वापस काम पर लौटना था, लेकिन इससे पहले ही हादसे ने उनकी जान ले ली। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी हरिशंकर ने बताया कि एक व्यक्ति को करंट लगने से मौत होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।