रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन नगर के झंडा चौराहे पर आंधी में क्षतिग्रस्त हुए 70 फीट ऊंचे झंडे के पोल को नगर पालिका ने हटवाकर सोमवार को उसके स्थान पर नया पोल लगवा दिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले नए पोल के लगने से नगरवासियों में खुशी है। लोगों का कहना है कि झंडा चौराहा नगर की पहचान से जुड़ा है और यहां लगा तिरंगा लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ाता है।
नगर के बाजार बैठगंज में स्थित झंडा चौराहे का करीब छह वर्ष पूर्व तत्कालीन चेयरमैन गिरीश गुप्ता के कार्यकाल में सुंदरीकरण कराया गया था। चौराहे के बीच गोल चक्कर बनाकर करीब सात लाख रुपये की लागत से 70 फीट ऊंचा झंडे का पोल लगाया गया था। पोल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता था। गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर यहां विशेष सजावट के साथ तिरंगा फहराने के अलावा चौराहे को रंगीन रोशनी से सजाया जाता है और देशभक्ति के गीत भी बजाए जाते हैं। इसके चलते यह स्थान नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया था। बीती 30 मई को आई तेज आंधी में यह पोल नीचे से झुककर क्षतिग्रस्त हो गया था। नगर पालिका ने क्षतिग्रस्त पोल को हटवा दिया था। इसके बाद से लोगों को नए पोल लगाए जाने का इंतजार था। स्वतंत्रता दिवस नजदीक आने के साथ ही नगरवासियों की निगाहें भी झंडा चौराहे पर लगी थीं। सोमवार को नगर पालिका ने यहां नया झंडे का पोल लगवा दिया। नए पोल के लगने के बाद लोगों ने खुशी व्यक्त की।




