रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति से वंचित नहीं रहना चाहिए। पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। यह बात कालपी तहसील से स्थानांतरित होकर आए तहसीलदार अभिनव तिवारी ने कही।
तहसीलदार अभिनव तिवारी ने कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है। भूमि विवाद, वरासत, नामांतरण, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य मामलों में लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास रहेगा। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और राजस्व संबंधी शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि अपनी समस्याओं को लेकर तहसील कार्यालय आएं और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें। प्रशासन की ओर से नियमानुसार हर संभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।




