रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से मंगलवार की शाम नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से नगर का माहौल देशभक्तिमय हो गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर के द्वारिकाधीश मंदिर से हुआ। यहां से तिरंगा लहराते हुए यात्रा झंडा चौराहा पहुंची। इसके बाद सब्जी मंडी, पानी की टंकी होते हुए यात्रा पुराना बस स्टैंड स्थित गांधी स्मारक पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ता जोश के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों के योगदान को याद करने का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प भी लिया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान और उन वीरों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए तथा नई पीढ़ी को भी स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और बलिदानियों के योगदान से परिचित कराना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन कैलाश पाटकार ने किया। तिरंगा यात्रा में पालिकाध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल, संजू खत्री, पम्मू महाराज, धीरज बाथम, राजा सिंह सेंगर गधेला, ऊषा गुप्ता, अभिनव सिंह राजावत, गिरीश गुप्ता, अनिल मित्तल, दिनेश लोहिया, मधु पांडेय, नैना साहनी आदि मौजूद रहे।




