रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को गांव में ही उपचार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगर निवासी ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। उन्होंने गांव-गांव जाकर मरीजों की जांच, प्राथमिक उपचार और निःशुल्क दवा उपलब्ध कराने वाली मोबाइल एंबुलेंस सेवा दोबारा शुरू कराने की मांग की है।
मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि पूर्व में मोबाइल एंबुलेंस सेवा के माध्यम से डॉक्टर और चिकित्सा स्टाफ गांवों में पहुंचकर मरीजों की जांच करते थे। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती थीं। इस व्यवस्था से गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और ऐसे ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलता था, जिन्हें इलाज के लिए बार-बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल तक जाना मुश्किल होता है। गांव में ही चिकित्सकीय सुविधा मिलने से लोगों का समय और आने-जाने का खर्च भी बचता था। वर्तमान में 108 एंबुलेंस सेवा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, लेकिन उपचार के बाद अस्पताल से घर लौटते समय गरीब मरीजों के सामने परिवहन की समस्या बनी रहती है। निजी वाहन, ऑटो या ई-रिक्शा से घर लौटने में उन्हें अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह खर्च भी परेशानी का कारण बन जाता है। उन्होंने पूर्व की भांति ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है।




