स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टर को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत बेहतर कार्य करने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन को झांसी मंडल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में एबीडीएम की सचिव रितु माहेश्वरी ने सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता को अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन द्वारा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से बेहतर और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों के लिए यह सम्मान दिया गया। केंद्र पर मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने, आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट सहित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने और मरीजों को इन सुविधाओं से जोड़ने के कार्य में बेहतर प्रदर्शन किया गया। कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर एबीडीएम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में झांसी मंडल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जालौन सीएचसी के प्रदर्शन को सराहा गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे स्वास्थ्य केंद्र की टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ने से मरीजों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग करने में सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य केंद्र पर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। सीएचसी को मिले इस सम्मान पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने खुशी जताई।