जालौन में एमएलसी प्रतिनिधि ने सौंपा एसडीएम को ज्ञापन, यह रखी मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा हैं। उन्होंने तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में लेखपालों को भेजकर मकानों समेत जनमानस को हुई क्षति का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराने की मांग की। साथ ही किसानों की खरीफ फसल उड़द, मूंग और मूंगफली को हुए नुकसान का सर्वे कराकर शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने का प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजने की मांग की।
एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण काफी नुकसान हुआ है। तहसील क्षेत्र के प्रधानों और ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया है कि बारिश के कारण कई मकान गिर गए हैं और लोगों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। बताया कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान के संबंध में उनके द्वारा पहले ही आयुक्त झांसी मंडल झांसी को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है। ऐसे में प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। सरकार की मंशा के अनुसार पात्र प्रभावित लोगों को 48 घंटे के भीतर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके। कहा कि तहसील जालौन का कोई भी गांव ऐसा नहीं रहना चाहिए, जहां अतिवृष्टि से जनमानस को नुकसान हुआ हो और उसका सर्वे न कराया गया हो। सभी प्रभावित परिवारों को चिह्नित कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने किसानों की खरीफ फसलों को हुए नुकसान का भी व्यापक सर्वे कराकर उड़द, मूंग और मूंगफली की फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के लिए कहा। एसडीएम ने बताया कि सर्वे कराया जा रहा है, जो भी पीड़ित हैं उन्हें शीघ्र ही मुआवजा दिलवाया जाएगा।