रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। रक्षाबंधन पर बच्चों के साथ मायके जा रही महिला के बैग से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी बस कंडक्टर और हेल्पर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मध्य प्रदेश के रौन थाना क्षेत्र निवासी लक्ष्मी देवी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपने बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने मायके कालपी थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री जा रही थीं। 28 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे वह मध्य प्रदेश के मिहौना स्थित मछण्ड तिराहा से उरई जाने वाली बस में सवार हुई थी। आरोप है कि बस में भीड़ होने का हवाला देते हुए कंडक्टर ने बैग सुरक्षित रखने की बात कहकर उनसे बैग ले लिया और हेल्पर के माध्यम से बस के पीछे बनी डिग्गी में रखवा दिया। रास्ते में बस कई स्थानों पर रूकी और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास भी बस करीब 20 मिनट तक खड़ी रही। आरोप है कि इसी दौरान कंडक्टर रामकुमार और हेल्पर रमेश ने बैग की चेन को किनारे से तोड़कर उसके अंदर स्टील के डिब्बे में रखे सोने के आभूषण निकाल लिए। महिला के अनुसार डिब्बे में एक मंगलसूत्र, एक चेन, चार चूड़ियां और दो अंगूठियां रखी थीं। जालौन पहुंचने पर कंडक्टर ने उन्हें बैग दिया और जल्दबाजी में दूसरी बस में बैठा दिया। उरई प्राइवेट बस स्टैंड से रिक्शे से वह रोडवेज बस स्टैंड पहुंचीं और वहां से बस से कालपी और कालपी से ऑटो द्वारा अपने मायके ग्राम पड़री पहुंचीं। इस दौरान बैग उनके पास ही रहा। घर पहुंचकर जब उन्होंने बैग खोला और कपड़ों के नीचे रखा स्टील का डिब्बा देखा तो वह कपड़ों के ऊपर रखा मिला। डिब्बा खोलने पर उसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे। अगले दिन वह कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंची तो उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई और उसे मिहौना थाने में जाने के लिए कहा गया। मिहौना थाने पहुंचने पर उसे जालौन जाने के लिए कहा गया। महिला ने एसपी से उसकी रिपोर्ट दर्ज कराने और चोरी गए आभूषण बरामद कराने की मांग की। वहीं, एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी कंडक्टर व हेल्पर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





