जालौन में ग्राम पंचायत सहायकों ने सौंपा ज्ञापन, की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। मानदेय बढ़ोतरी और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत सहायकों ने जिला पंचायत राज अधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत को सौंपा है। सात सितंबर तक मांगे पूरी न होने पर पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर सात सितंबर से लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की भी बात कही।
ग्राम पंचायत सहायक विपिन कुशवाहा, नितिन, अमित, दीपेंद्र, पूनम, वर्षा सचान, संगीता साहू, संध्या, अभिषेक कुमार, सुशील कुमार, अर्पित पाल, शालिनी सुमन, रिंकी आदि ने जिला पंचायत राज अधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीओ महेंद्र कुमार को सौंपकर बताया कि लंबे समय से वह ग्राम पंचायतों में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित मानदेय और सेवा सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पंचायत सहायकों ने मांग की कि मुख्यमंत्री से पंचायत सहायकों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराई जाए, ताकि वह अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे उनके समक्ष रख सकें। इसके अलावा पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई। ऐसा नहीं होने की स्थिति में कम से कम उत्तर प्रदेश में निर्धारित न्यूनतम कुशल मजदूरी दर के बराबर मानदेय दिए जाने की मांग रखी गई। पंचायत सहायकों की अनुबंध और संविदा प्रक्रिया समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली बनाए जाने और राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग भी की गई। महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा गया कि उन्हें भी अन्य महिला कर्मचारियों की तरह आवश्यक सुविधा मिलनी चाहिए। पंचायत सहायकों ने अपने अनुभव और कार्य को ध्यान में रखते हुए आगामी ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी की भर्ती में स्थानांतरण एवं समायोजन की नीति लागू करने की मांग की। साथ ही भर्ती में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिए जाने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों ने कहा कि यदि सात सितंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो वे लखनऊ के ईको गार्डन में आयोजित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे। यूनियन के आह्वान पर सभी पंचायत सहायक अपने कार्यों का बहिष्कार करते हुए आंदोलन में पूर्ण सहभागिता करेंगे।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105