रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन में पत्नी से पीड़ित युवक ने अपनी पत्नी सहित छह नामजद व दो अज्ञात ससुरालीजनों पर जान से मारने की नीयत से 12 राउंड तमंचे से फायर करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि कोतवाली में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावतान निवासी सचिन कुमार श्रीवास्तव ने न्यायालय का बताया कि उसकी पत्नी नेहा ने परिवार से अलग रहने की शर्त रखी, जिससे मना करने पर वह अपने मायके लखनऊ चली गई। बीते 10 मई को सिद्धी विनायक गेस्ट हाउस, जालौन में पंचायत के दौरान उसकी पत्नी नेहा, उसके पिता शिवप्रकाश, मां विमला देवी, भाई विवेक, वंश, बहन निहारिका व दो अन्य रिश्तेदारों ने उससे तलाक लेकर 30 लाख रुपये देने की मांग की। मना करने पर गाली-गलौज कर जानलेवा हमला किया गया। इसी दौरान विवेक ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर 12 बार फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद कोतवाली व एसपी से भी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी कोतवाल लालबाबू मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।






