जालौन में एसडीएम और सीओ ने किया शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण,, चेक किये अभिलेख

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत की घटना के बाद स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है। ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने और शराब की गुणवत्ता व बिक्री व्यवस्था की जांच के लिए सोमवार को एसडीएम राकेश कुमार सोनी व सीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर क्षेत्र की देशी-अंग्रेजी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों पर स्टॉक से लेकर शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम, बैच नंबर और अन्य अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण अभियान के दौरान टीम ने गल्ला मंडी के सामने स्थित देशी शराब दुकान संख्या छह, बंगरा मार्ग स्थित मॉडल शॉप, देवनगर चौराहा स्थित कंपोजिट दुकान संख्या दो, बस स्टैंड-1 की कंपोजिट दुकान, चुंगी नंबर चार की कंपोजिट दुकान के अलावा छिरिया सलेमपुर में संचालित देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों को जांचा। अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध शराब के स्टॉक का रजिस्टर से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया। इसके साथ ही बोतलों पर लगे होलोग्राम, बैच नंबर और एक्सपायरी की भी जांच की गई। जांच के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, रेट लिस्ट, लाइसेंस और बिल बुक का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को दुकान पर निर्धारित नियमों के अनुसार ही शराब की बिक्री करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। एसडीएम ने अनुज्ञापियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध या अप्रमाणित शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने यानी ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक बिक्री पर ग्राहक को पक्का बिल उपलब्ध कराया जाए और दुकान पर निर्धारित अभिलेखों को दुरुस्त रखा जाए। यदि किसी शराब की गुणवत्ता या उसकी प्रमाणिकता को लेकर संदेह पाया जाता है तो उसका नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच में अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अनुज्ञापी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर आबकारी इंस्पेक्टर नारायण गुप्ता, सिपाही इंद्रभान, सोहिब आदि मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105