जालौन तहसील में आयोजित हुआ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ का सम्मान समारोह, गर्भवती महिलाओं का हुआ गोद भराई कार्यक्रम

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन तहसील सभागार में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। वहीं, कुपोषण की स्थिति से बाहर निकलकर सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

एसडीएम राकेश कुमार सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की गई। एसडीएम ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे की नींव गर्भावस्था से ही रखी जाती है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर बच्चों एवं महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता फैलाने का काम भी कर रही हैं।

पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। बच्चों के पोषण और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान सराहनीय है।

कार्यक्रम के दौरान सिकरीराजा निवासी रिया और बिजुवापुर दिवारा निवासी कल्पना की गोद भराई कराई गई। दोनों महिलाओं को पोषण पोटली प्रदान करते हुए गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने, स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने और विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।

वहीं, कुपोषण से सामान्य श्रेणी में पहुंचने पर सिद्धि शुक्ला और अंश को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य को लेकर खुशी जताते हुए अभिभावकों का भी उत्साहवर्धन किया।

इस मौके पर एडीओ ग्राम विकास संदीप गुप्ता, मुख्यमंत्री फेलो शोधार्थी ज्योति सिंह, प्रभारी सीडीपीओ डॉली निरंजन, शिवानी, मुख्य सेविका निहारिका गौतम, श्वेता आनंद, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुनीता वर्मा समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं।

उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105