जालौन नगरवासियों ने की विधायक से मांग,जालौन होकर निकले कोंच से वाराणसी चलने वाली बस

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन जनपद में कोंच से वाराणसी के बीच रोडवेज बस सेवा पुनः बहाल होने के बाद अब इसे जालौन होकर संचालित कराने की मांग की जा रही है। नगर वासियों ने सदर विधायक से इस बस को जालौन से होकर चलवाने की मांग की है।
नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से प्रयागराज का रुख करते हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुकदमों की पैरवी, वकालत और अन्य न्यायिक कार्यों के सिलसिले में अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य लोगों का आवागमन बना रहता है। इसके अलावा प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम में स्नान-पूजन के लिए भी क्षेत्र से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी तरह वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार रहती है। नगर से प्रयागराज और वाराणसी के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को पहले उरई पहुंचना पड़ता है। इसके बाद दूसरी बस पकड़कर आगे की यात्रा करनी होती है। कई बार बस बदलने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त समय और किराया खर्च करना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को इससे और अधिक परेशानी होती है। मजबूरी में कुछ लोग डग्गामार वाहनों का सहारा लेते हैं, जहां सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। वर्तमान में कोंच से वाराणसी के लिए रोडवेज बस प्रतिदिन कोंच बस स्टैंड से रवाना होकर उरई, कानपुर, फतेहपुर और प्रयागराज होते हुए वाराणसी जाती है। नगरवासियों का कहना है कि बस का मार्ग यदि नगर से होकर निर्धारित किया जाए तो इसके लिए अलग से नई बस सेवा शुरू करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी और पहले से संचालित बस का लाभ ही क्षेत्र की जनता को मिल सकेगा। अधिवक्ता उमेश दीक्षित, विनय निगम समेत श्रद्धालु आशीष सोनी, राहुल, जितेंद्र सिंह, कपिल आदि ने सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए इस बस को नगर से होकर संचालित कराया जाए तो नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रयागराज तथा वाराणसी के लिए सीधी, सुलभ और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी।