नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने संभाली जालौन की कमान, कोषागार में ग्रहण किया पदभार

जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन पर रहेगा जोर

Orai / Jalaun news today । जनपद जालौन के नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में पहुंचकर विधिवत रूप से जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जनपद में शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्राथमिकता पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं संवेदनशील बनाया जाएगा तथा जनपद के विकास को गति देने के लिए सभी विभागों के मध्य बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी उरई कुमार उत्तम, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।