गणपति की भक्ति और विश्वकर्मा जयंती का उल्लास, जालौन में सुरक्षा का पहरा रहेगा मजबूत

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में गणेश चतुर्थी एवं विश्वकर्मा जयंती को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जालौन कोतवाली परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में त्योहार आयोजकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार पूरे उत्साह से मनाएं, लेकिन शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा। एसडीएम राकेश कुमार सोनी एवं क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी रहेगी और किसी भी तरह की अफवाह अथवा विवाद को बढ़ने नहीं दिया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि किसी घटना या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी खबर या संदेश को प्रसारित न करें।
बैठक में थाना प्रभारी बाबू लाल ने गणपति पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने लोहे के पाइप पर प्लास्टिक कवर लगाने, पंडाल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा विद्युत व्यवस्था में विशेष सावधानी बरतने को कहा। बिजली के तारों और कनेक्शनों में लापरवाही न करने की भी हिदायत दी गई, ताकि उत्सव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। बैठक में नगर पालिका परिषद, विद्युत विभाग और जलकल विभाग के अधिकारी -कर्मचारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पुलिस-प्रशासन को त्योहारों के दौरान हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस-प्रशासन की ओर से साफ संदेश दिया गया कि त्योहारों में भक्ति और उल्लास की गूंज रहे, लेकिन अफवाह, विवाद और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं होगी।