जालौन जिले के बहराई में नाला निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत

Oplus_131072

ब्यूरो रिपोर्ट

Orai / Jalaun news today । जालौन जिले में विकासखंड रामपुरा के ग्राम बहराई में चल रहे नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। गांव निवासी अमित कुमार ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से करते हुए निर्माण कार्य की निष्पक्ष स्थलीय एवं तकनीकी जांच कराए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्माण स्थल पर नाला निर्माण में इस्तेमाल की जा रही कुछ ईंटें टूटी और खराब स्थिति में दिखाई दे रही हैं। ऐसे में निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सीमेंट, बालू समेत अन्य सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच आवश्यक है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि यदि मानकों के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल हुआ तो निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भविष्य में सरकारी धन से मरम्मत की आवश्यकता पड़ सकती है। शिकायत में सबसे प्रमुख आपत्ति पुरानी नाली के ऊपर नए नाले का निर्माण किए जाने को लेकर है। शिकायतकर्ता के अनुसार मौके की स्थिति से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पुरानी नाली के ऊपर ही वर्तमान निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि यह जांच की जाए कि ऐसा निर्माण स्वीकृत एस्टीमेट, डिजाइन और तकनीकी मानकों के अनुरूप है अथवा नहीं। इसके अलावा निर्माण कार्य में लगाए गए मजदूरों की संख्या को लेकर भी शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि मौके पर निरीक्षण के दौरान कम संख्या में मजदूर कार्य करते दिखाई दिए। इसलिए मौके पर मौजूद मजदूरों की वास्तविक संख्या का संबंधित मस्टर रोल और उपस्थिति पंजिका से मिलान कराने की मांग की गई है। साथ ही मजदूरों के नाम से दर्ज उपस्थिति और उनके बैंक खातों में किए गए भुगतान का सत्यापन कराने की भी मांग की गई है। अमित कुमार ने निर्माण कार्य की माप पुस्तिका (एमबी), स्वीकृत एस्टीमेट, धनराशि और अब तक किए गए भुगतान की जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि जांच केवल कागजी अभिलेखों तक सीमित न रखकर अचानक स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से कराई जाए। शिकायतकर्ता ने निर्माण स्थल की फोटो और वीडियो भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से भी मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए।


उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105