जालौन में सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश से सराबोर हुआ कलेक्ट्रेट, मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

डीएम ने सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन व कार्यशैली में अपनाने का किया आह्वान

Orai / Jalaun news today । यूपी के जनपद जालौन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर का वातावरण गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।


जिलाधिकारी समीर ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के इतिहास में विशेष महत्व का दिन है। इसी दिन महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे दो महान व्यक्तित्वों ने जन्म लेकर देश के सार्वजनिक जीवन को अपने विचारों और कर्मों से समृद्ध किया। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को स्वतंत्रता आंदोलन का माध्यम बनाकर देशवासियों को एकजुट किया और जनभागीदारी के साथ स्वतंत्रता संघर्ष को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे, स्वच्छता, नैतिकता और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को केवल जयंती समारोहों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और कार्यशैली में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने आचरण से सार्वजनिक जीवन में सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के उच्च मानदंड स्थापित किए। उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के संदेश तथा शास्त्रीजी की सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाएं। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ निर्वहन करे।
उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी कुमार संजय आदि सहित कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105