
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर में भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत मंगलवार को नगर में स्थित गल्ला मंडी परिसर में संपन्न हुई, जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान के लिए नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष देवसिंह पटेल के नेतृत्व एवं रामस्वरूप की अध्यक्षता में किसान यूनियन की पंचायत में भाकियू संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं पुण्यतिथि पर हवन व माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। अतिवृष्टि से खरीफ फसल में हुए नुकसान का सर्वे कराकर दैवीय आपदा फंड व बीमा राशि से भरपाई कराने, रबी बुआई के लिए खाद बिक्री केंद्रों व सहकारी समितियों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराकर कालाबाजारी रोकने, भिटारा-पर्वतपुरा गंदा नाले की खुदाई-सफाई कराकर खेतों से पानी निकासी कराने, ग्रामीण क्षेत्रों खकसीस पावर हाउस से ग्राम पमां, तांबा, कुंवरपुरा, पीपरी अठगईया में झूलते बिजली तार व, झुके खंभों को तत्काल बदलने, जालौन-बंगरा रोड से दमां तक पक्का संपर्क मार्ग जो गड्ढों में तब्दील है उसका डामरीकरण कराने और ग्राम सभाओं में पशुओं संख्या कम दिखाकर बंद की गई गोशालाओं को पुनः चालू कर अन्ना गोवंशों को गोशालाओं में संरक्षित कराने की बात रखी गई। जिसके निस्तारण के लिए भाकियू बैनर तले नायब तहसीलदार अभिनव राज को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर रामपाल सिंह सेंगर, धर्मेंद्र सिंह, संतजी, केपी सिंह, उत्तम कुमार, रिषभ पटेल, भगवत सिंह, गोविंद सिंह आदि रहे।




