पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
Lucknow news today । प्रेरणा परिवार की ओर से नवरात्रि के उपलक्ष्य में आगामी 17 अक्टूबर को जनभवन प्रांगण में 5100 कन्याओं का पूजन किया जायेगा। इसमें लखनऊ के आसपास क्षेत्रों की सेवा बस्तियों से कन्याएं आयेंगी। राजभवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया जायेगा। यह जानकारी गुरूवार को विश्व संवाद केन्द्र जियामऊ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रेरणा के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने दी।
प्रेसवार्ता में गुंजित कालरा ने बताया कि कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य इन्द्रेश कुमार व हनुमान अंश की निर्माता रागिनी सोना जी उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा समाज के अन्य गणमान्य व संघ के कई वरिष्ठ प्रचारक भी उपस्थित रहेंगे।
प्रेरणा परिवार की सचिव शिखा भार्गव ने प्रेसवार्ता में बताया कि अपनी सांस्कृतिक व सामाजिक धरोहर को संजोये रखने के उद्देश्य से मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया। संस्था का मूल संकल्प है अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना और उसके प्रति गौरव का भाव जगाना है।
प्रशान्त भाटिया ने कहा कि कन्या पूजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता का भाव पैदा करना और सेवा बस्तियों के साथ—साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों को भी यह अहसास कराना है कि सम्पूर्ण समाज अपना है।
श्लोक चौधरी ने बताया कि प्रेरणा परिवार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भारतीय पर्वों और त्यौहारों को धूमधाम से मानाने की परंपरा रही है, जो युगों से चली आ रही है। यह पर्व हमारी गौरवशाली संस्कृति व आस्था का प्रतीक है।
यशवर्धन अग्रवाल ने बताया राजभवन के कन्या पूजन कार्यक्रम में राज्यपाल,शहर की मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग देवी स्वरूपा कन्याओं की चरण पूजा करते हैं,कन्याओं को माता जी की चुनरी,भोजन प्रसाद की थाली, दक्षिणा और उपहार स्वरूप कापी कलम व पुस्तक दी जायेगी। प्रेरणा परिवार के अभिनव भार्गव ने बताया कि जनभवन में यह तीसरा कार्यक्रम है। यह संस्था नई पीढ़ी में सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता व सम्मान बढ़ाने का प्रयास कर रही है। इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के प्रमुख डॉ उमेश व बृजनन्दन राजू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





