रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन गल्ला मंडी में धान की सही कीमत दिलाने और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी राकेश सोनी से मुलाकात की। किसान नेताओं ने धान की प्रत्येक ट्रॉली पर बोली सुनिश्चित कराने और किसानों से हो रही कथित कटौती पर रोक लगाने की मांग उठाई।
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष साहब सिंह चौहान ने कहा कि मंडी में किसानों से प्रति बोरी दो किलो अतिरिक्त तौल लिए जाने और दो प्रतिशत मुद्दत के नाम पर नकद रुपये काटने की शिकायतें मिल रही हैं। इसके बावजूद किसानों को उपज का भुगतान भी चार दिन तक बाद किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक ट्रॉली पर बोली लगवाकर किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाया जाए और उनका उत्पीड़न रोका जाए।
इस पर उपजिलाधिकारी राकेश सोनी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित लोगों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

इस दौरान जिला मंत्री आनंद द्विवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष जालौन मानवेंद्र सिंह गुर्जर, संजीव कुमार सरसई, ब्लॉक मंत्री सुशील जी, ब्लॉक उपाध्यक्ष महेश दीक्षित सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।






