पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आम जनमानस, मरीजों व तीमारदारों के साथ आए दिन मारपीट व दुर्व्यवहार तथा मेडिकल एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं को जानबूझकर अनुत्तीर्ण करने व अवैध वसूली जैसी गंभीर अनियमितताओं के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी के माध्यम से सौंपा। परिषद ने उक्त गंभीर विषयों का संज्ञान लेकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अखिल विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी को ज्ञापन देकर जिलाधिकारी से मांग की है कि मेडिकल कॉलेज में विगत कुछ समय से आम जनमानस, मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ कथित रूप से मारपीट, अभद्र व्यवहार तथा दुर्व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। चिकित्सा जैसे सेवा एवं संवेदनशील क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं तथा आम नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं मानवीय अधिकारों के विरुद्ध हैं। इसके अतिरिक्त मेडिकल एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं के साथ शैक्षणिक स्तर पर भी गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें छात्र-छात्राओं को जानबूझकर अनुत्तीर्ण करना, अनावश्यक रूप से मानसिक उत्पीड़न करना तथा विभिन्न कार्यों एवं प्रक्रियाओं के नाम पर अवैध वसूली किए जाने जैसी शिकायतें शामिल हैं। ऐसी परिस्थितियां विद्यार्थियों के भविष्य, मानसिक स्वास्थ्य एवं शिक्षा के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं। परिषद का कहना है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में यदि मरीजों, उनके परिजनों तथा विद्यार्थियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार होता है, तो यह न केवल संस्थान की गरिमा को प्रभावित करता है, बल्कि शासन एवं प्रशासन की जनकल्याणकारी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। ज्ञापन सौंपने वालों में तहसील संयोजक स्वयं गोस्वामी, नि. प्रांत सोशल मीडिया संयोजक सत्यम यागिक, नगर मंत्री सूर्यांश गुर्जर, नगर सह मंत्री वंश शर्मा, नगर सह मंत्री अभय तोमर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





