उरई मेडिकल कॉलेज विवाद: एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने फूंका प्राचार्य का पुतला, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जनपद के उरई मेडिकल कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित अभद्रता और मारपीट की घटना को लेकर संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी के विरोध में एबीवीपी की नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने और मामले में संलिप्त लोगों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ और इस प्रकार का अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वयं गोस्वामी, सूर्यांश गुर्जर, सत्यम याज्ञिक, गोपाल जी बाथम, रितिक राजावत, अभय तोमर, वंश शर्मा, हर्ष राजावत और विनय राजावत सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़