जालौन में अवैध कट बना भीषण हादसे का सबब, दो घायल,,लोगों ने कही यह बात

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।प्रदेश सरकार और उच्चाधिकारियों द्वारा सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए राजमार्गों व प्रमुख मार्गों के अवैध कट बंद कराने के सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की इसी घोर लापरवाही का नतीजा शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे के रूप में सामने आया, जहां उरई-जालौन मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास खुले कट से कार मोड़ते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए।
कट से कार मोड़ते समय हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, आज रात करीब 11 बजे कार सवार विक्की पाल अपने साथियों के साथ उरई से जालौन की ओर जा रहे थे। उरई-जालौन मार्ग स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास बने कट से कार मोड़ते समय उसकी रफ्तार करीब 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप (UP 77 N 3610) ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
उछलकर खंभे से टकराई कार, दो घायल
टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर उछलते हुए दूर जा गिरी और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और दोनों वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में कार सवार विक्की पाल समेत दो लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार सवारों को बाहर निकाला और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में दरोगा ने भी घायलों व अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित के मुताबिक, हादसे की पूरी जानकारी पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार पिकअप चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की भी हो रही अनदेखी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शासन स्तर से सड़क सुरक्षा को लेकर स्पष्ट आदेश जारी किए जा चुके हैं कि प्रदेश के सभी राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें दोबारा न खोला जा सके। शासन ने इसके लिए जिलाधिकारियों और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जवाबदेह भी बनाया है। इसके बावजूद जालौन में जिम्मेदार अधिकारी इन आदेशों को ठंडे बस्ते में डाले बैठे हैं।
सवालों के घेरे में जिम्मेदार अधिकारी
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि यदि शासन के निर्देशानुसार समय रहते इस जानलेवा कट को बंद करा दिया गया होता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उच्चाधिकारी मुख्यमंत्री व शासन के आदेशों की अवहेलना करने वाले और अवैध कट बंद न कराने वाले लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कोई ठोस कार्रवाई करेंगे, या फिर हर बार की तरह जांच के नाम पर यह मामला भी ‘टांय-टांय फिस्स’ होकर फाइलों में दब जाएगा?

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़