जेलर समेत कई कर्मचारियों पर डीजी कारागार ने की कार्यवाही
Gorakhpur news today । यूपी के गोरखपुर जनपद में शुक्रवार को पाक्सो एक्ट समेत अन्य मामलों में जेल में बंद कैदी काम पर गया एक और जेल कर्मियों की आँखों में धूल झोंकते हुए फरार हो गया। घटना की जानकारी शाम को तब हुई जब काम पर से लौटे कैदियों की गिनती हुई तो एक कैदी कम निकला। इस पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पहले तो जेल प्रशासन ने उसकी अपने हिसाब से खोजबीन की और जब नहीं मिला तब मामले की जानकारी आलाअधिकारियों को दी । इस बात की सूचना मिलने के बाद डीजी जेल हरकत में आए और उन्होंने जेलर समेत चार जेल कर्मियों को सस्पेंड करते हुए जेल अधीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के आदेश जारी किए हैं।
यह है मामला
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर के बांसगांव पुलिस ने विपिन कुमार नाम के शातिर को गिरफ्तार कर 18 जुलाई को जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि विपिन अपहरण दुष्कर्म और पॉस्को एक्ट का आरोपी था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जेल प्रशासन ने विपिन को शुक्रवार की सुबह अन्य कैदियों के साथ खेत में काम करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में भेजा था। शाम को जब काम खत्म होने के बाद बंदी जेल वापस लौटे तो उनकी गिनती होने पर जेल प्रशासन के पैरों तले से जमीन खिसक गई विपिन जेल प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए फरार हो गया था।
डीजी कारागार ने की लापरवाह जेल कर्मियों पर कार्यवाही
इस संबंध में जेल प्रशासन मुख्यालय की तरफ से बयान जारी करते हुए कहा कि जिला कारागार, गोरखपुर में निरुद्ध विचाराधीन बंदी विपिन पुत्र हरिशंकर, निवासी सरसोपार, थाना बांसगांव, जनपद गोरखपुर के पलायन की घटना के प्रकरण में महानिदेशक, कारागार द्वारा प्राप्त प्रारंभिक जांच आख्या के आधार पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर जेल वार्डर जितेन्द्र कुमार गौतम एवं जितेन्द्र कुमार दुबे, हेड जेल वार्डर ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव एवं रामजीत सिंह तथा जेलर अरुण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई। साथ ही जेल अधीक्षक गोरखपुर, दिलीप कुमार पांडेय के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति शासन को प्रेषित की गयी है।





