हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया युवक,,आँधी में टूटकर गिरा पड़ा था तार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के कुठौंदा बुजुर्ग में गांव के बाहर खेतों में टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन में अचानक से करंट आने से खेत पर काम करा रहा युवक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। साथ ही आसपास आग लग गई। परिजनों ने तत्काल युवक को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी। वहीं, मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।


ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी हिमांशु तिवारी गुरूवार की दोपहर करीब दो बजे खेत में खड़ी मूंग की फसल की कटाई करा रहे थे। पिछले दिनों में आई आंधी में उनके खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था। इस तार में बिजली सप्लाई नहीं आ रही थी। जिससे खेत में मजदूर और खेत स्वामी बिना किसी डर के काम में मगन थे। दोपहर करीब दो बजे हिमांशु खेत में टहलते हुए हाईटेंशन लाइन के पास पहुंच गए और उनका पैर हाईटेंशन लाइन से छू गया। इसी दौरान अचानक से बिजली आ जाने से उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से उनका पैर और हाथ झुलस गया। साथ ही लाइन से निकली चिंगारी ने वहां पड़़े पत्तों और डालियों आदि को आग की चपेट में ले लिया। जब खेत में काम कर रहे मजदूरों ने हिमांशु को करंट और आसपास आग लगी देखी तो तत्काल यूपी 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली बंद कराई गई और दमकल को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। उधर, हिमांशु को उसके परिजन तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। ग्रामीण गजेंद्र सिंह, जवान सिंह आदि ने बताया कि तार लगभग एक सप्ताह से टूटा पड़ा है। इसकी सूचना बिजली विभाग को भी दी गई थी। इसके बाद भी तार को नहीं हटाया गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।