रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भदवा में पानी की टंकी के पास गंदगी और भदवा स्टैंड से गांव तक जाने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीण प्रेम कुमार वर्मा, अमर रजक, जाकिर हुसैन, राघवेंद्र पाल, रामवीर वर्मा, अजीत कुमार आदि ने बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी के आसपास लंबे समय से गंदगी फैली हुई है। नियमित साफ-सफाई न होने के कारण वहां दुर्गंध बनी रहती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। इसके अलावा भदवा स्टैंड से गांव को जोड़ने वाला लगभग एक किलोमीटर लंबा लिंक मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश होने पर पानी भर जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा प्रदेशभर में गड्ढा मुक्त सड़क अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन भदवा गांव की इस सड़क पर उसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा केवल खानापूर्ति की जाती है, जबकि सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने डीएम से मांग की है कि पानी की टंकी के आसपास नियमित साफ-सफाई कराई जाए और भदवा स्टैंड से गांव तक की जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण या मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
जालौन क्षेत्र के इस गांव में कुएं पर अतिक्रमण का आरोप, एसडीएम को दिया शिकायती पत्र
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के ग्राम हरदोईराजा में सार्वजनिक कुएं पर अतिक्रमण को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य ने एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने कुंए के आसपास से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम हरदोईराजा निवासी बीडीसी सदस्य अरुण पटेल ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में स्थित सार्वजनिक कुएं पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इस बारे में वह पूर्व में भी लिखित और मौखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। बताया कि कुएं के आसपास अतिक्रमण होने से ग्रामीणों को कुएं के पानी उपयोग और कुएं तक आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह कुआं वर्षों से ग्रामीणों के सार्वजनिक उपयोग में रहा है और गांव के लोगों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत है। अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि सार्वजनिक कुएं के आसपास अतिक्रमण की जांच कराकर अतिक्रमण हटवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।







