(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today ।जालौन के गूढ़ा न्यामतपुर के पास अवैध रूप से हो रहे मिट्टी के खनन की सूचना पर एसडीएम व सीओ ने छापेमारी कर एक जेसीबी मशीन व तीन ट्रैक्टर पकड़े। जिन्हें कोतवाली में खड़ा कराया गया।
नगर व आसपास क्षेत्र में लगातार मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। समय समय पर कार्रवाई भी की जाती है लेकिन अवैध रूप से हो रहा मिट्टी का खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। एसडीएम सुशील कुमार व सीओ रामसिंह को सूचना मिली कि गूढ़ा न्यामतपुर के पास जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह कोतवाल विमलेश कुमार व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके से एक जेसीबी मशीन व तीन ट्रैक्टर पकड़ा लिए। खनन से संबंधित प्रपत्र मांगने पर वह नहीं दिखा सके। जिसके बाद एसडीएम ने पकड़े गए वाहनों को कोतवाली लाकर खड़ा करा दिया। इस संदर्भ में एसडीएम सुशील कुमार ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर एक जेसीबी मशीन व तीन ट्रक्टरों को पकड़ा गया है। जिन्हें कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।





