पुलिस कमिश्नर ने किया इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को सस्पेंड
Lucknow news yoday ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में बीते कल हुई तीन लोगों की निर्मम हत्या के बाद आज क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश उस समय बढ़ गया जब तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने एवं फांसी की सजा देने की मांग करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है और वह प्रदर्शनकारियों को समझाने में जाने में जुटा हुआ है। इस घटना के बाद पुलिस कमिश्नर ने इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी को सस्पेंड भी कर दिया है लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल अभी प्रदर्शन जारी है।
यह हुई थी घटना
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्राह्मण टोला के रहने वाले शिवाजी तिवारी और शिवेंद्र तिवारी की वहीँ के रहने वाले ऋषभ शुक्ला से कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि देखते ही देखते यह विवाद हाथापाई में बदल गया और इसके बाद ऋषभ शुक्ला ने अवैध पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी जो शिवाजी तिवारी और शिवेंद्र तिवारी एवं उनके बेटे सुयश को लगी। बताया जा रहा है कि इस घटना में शिवाजी तिवारी और शिवेंद्र तिवारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि सुयश तिवारी को अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से कही थी यह बात
लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन करना शुरू कर दिया । इस संबंध में पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने मीडिया से बात करते हुए कहा की कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था जिसमें ऋषभ शुक्ला नाम के व्यक्ति ने गोली चला दी जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद कर ली गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी ऋषभ शुक्ला मर्चेंट नेवी में बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
शव घर पहुचते ही बढ़ा लोगों का गुस्सा

आज सुबह जैसे ही तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे तो स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने रोड जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चले और उन्हें फाँसी की सजा दी जाए। बड़ी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारियों को समझाने बुझाने में पुलिस के आलाधिकारी जुटे हुए हैं मगर एक साथ तीन लोगों की हत्या की बात सोचकर लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी सस्पेंड
सआदतगंज क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद आज पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य और चौकी प्रभारी कश्मीरी मुहल्ला अजय कुमार चौरसिया को सस्पेंड कर दिया है।






