जालौन क्षेत्र के इस गांव में बनी सीसी रोड को लेकर अनियमितता का आरोप,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में विधायक निधि (2025-26) के तहत स्वीकृत सीसी रोड के निर्माण में ग्रामीण ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें आरोप लगाया कि जिस स्थान पर सड़क का निर्माण होना था, उस स्थान पर सड़क न बनाकर सांठगांठ कर दूसरे स्थान पर सड़क बनाई जा रही है। ग्रामीण ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री से की है।
कुठौंदा बुजुर्ग निवासी ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कालपी विधानसभा क्षेत्र की विधायक निधि से गांव में बड़ी माता मंदिर से दिनेश चौहान के घर तक 200 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों ने आपसी सांठगांठ कर स्वीकृत स्थान के बजाय संतोष तिवारी के घर से गन्धा तक अवैध रूप से सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। बनाई जा रही सड़क में गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा गया है। ग्रामीण ने स्वीकृत एस्टीमेट का उल्लंघन कर गलत स्थान पर हो रहे निर्माण को रोकने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री से की है।